प्रभुदयाल श्रीवास्तव की प्रसिद्ध बाल-कविताएँ

प्रभुदयाल श्रीवास्तव की प्रसिद्ध बाल-कविताएँ

गरमी की छुट्टी का मतलब: प्रभुदयाल श्रीवास्तव की बाल-कविता [4]

गरमी की छुट्टी का मतलब,
नाना नानी के घर जाना।
बिना किसी आवेदन के ही,
ऊधम का परमिट मिल जाना।

गरमी की छुट्टी का मतलब,
बस्ते से छुट्टी पा जाना।
सोफा पर बिस्तर पर दिन भर,
धमा चौकड़ी शोर मचाना।

गरमी की छुट्टी का मतलब,
ठंडी लस्सी कुल्फी खाना।
आइस क्रीम के कोन गटक कर,
मस्ती करना मौज उड़ाना।

गरमी की छुट्टी का मतलब,
शाम ढ़ले होटल में जाना।
पिज्जा वर्गर चाऊमीन के,
पापा से आर्डर करवाना।

गरमी की छुट्टी का मतलब,
पके आम कई चट कर जाना।
खरबूजों अंगूर संतरों,
तरबूजों पर रंग ज़माना।

गरमी की छुट्टी का मतलब,
लेप, टेब में ही रम जाना।
कार्टून फिल्मों से होना,
पक्का और सच्चा याराना।

गरमी की छुट्टी का मतलब,
मिलना खुशियों भरा खजाना।
ए. सी. के कूलर के कमरे,
में तन मन में ठंडक पाना।

~ प्रभुदयाल श्रीवास्तव

Check Also

From The Heart of A Teacher - Sailaja Saxena

From The Heart of A Teacher: Sailaja Saxena Short English Poetry

From The Heart of A Teacher: Teacher is the who teaches us knowledge, moral values …