उम्मीद की क्यारियां: श्रद्धा जलज घाटे

उम्मीद की क्यारियां: चुनौतियों और अंधकार के बीच मन के भीतर आशा और सकारात्मकता सोच रखें

“दीपक! आज 15 तारीख है। फीस जमा करने की आखिरी मोहलत भी बीत चुकी है। आज तो पैसे लाए हो न?” तिवारी सर के चेहरे पर वही जानी-पहचानी सख्ती थी।

दीपक ने नजरें झुका लीं। “सर… आज भी इंतजाम नहीं हो पाया।” उसकी आवाज कांप रही थी।

उम्मीद की क्यारियां: श्रद्धा जलज घाटे

“तो फिर स्कूल क्यों चले आए? कल सुबह तक फीस नहीं आई, तो स्कूल का दरवाजा तुम्हारे लिए हमेशा के लिए बंद समझो।” तिवारी सर ने गुस्से से कहा। सहपाठियों की नजरों के बीच अपमान का घूंट पीकर दीपक चुपचाप अपनी जगह बैठ गया। उसने अपनी हथेलियों को देखा। पौधों की छंटाई करते-करते उन पर गांठें पड़ चुकी थीं।

3 साल पहले पिता का साया उसके सिर से उठ गया था। पिता बंगलों में माली का काम करते थे। दीपक ने पौधों की कटाई-छंटाई और कलम बांधने का हुनर पिता से सीख रखा था।

मां ने मजदूरी कर दीपक को सातवीं तक पढ़ाया। दीपक अब माली का काम करने लगा था ताकि पढ़ाई का खर्च खुद उठा सके। एक बड़े बंगले की क्यारियों में गुलाबों की छंटाई करते हुए उसने मालकिन से कहा था, “मेमसाहब, कल फीस जमा करने की आखिरी तारीख है। पैसे नहीं भरे, तो स्कूल से मेरा नाम कट जाएगा।”

मेमसाहब ने उसकी पढ़ाई और पिछले इम्तिहान के अंकों के बारे में पूछा। उसकी मेहनत से प्रभावित होकर उन्होंने उसे पूरे माह की मजदूरी एडवांस दे दी। दीपक खुशी और कृतज्ञता से भर उठा था।

पैसे जेब में रखते समय उसकी नजर बंगले की पहली मंजिल की खुली खिड़की पर पड़ी। वहां चश्मा लगाए एक बुजुर्ग व्यक्ति उसे ध्यान से देख रहे थे। दीपक ने इस ओर अधिक ध्यान नहीं दिया और खुशी-खुशी घर लौट आया।

लेकिन उस दिन की मूसलाधार बारिश उसकी सारी खुशियां बहा ले गई। घर में एक ही पुरानी छतरी थी, जिस पर जगह-जगह पैबंद लगे थे। सुबह मां ने जिद करके वह छतरी दीपक को दे दी और खुद सिर पर एक पतली-सी पन्नी बांधकर काम पर निकल गईं। शाम को वे लौटीं, तो पूरी तरह भीगी हुई थीं। रात होते-होते उन्हें तेज बुखार चढ आया।

मां की हालत देखकर दीपक घबरा गया। उसने पैंट की जेब में रखे फीस के सारे पैसे निकाले और सीधे मैडीकल स्टोर की ओर दौड़ पड़ा। मां के लिए दवा तो आ गई, लेकिन स्कूल की फीस खर्च हो गई।

“दीपक! ब्लैकबोर्ड पर लिखे सवाल हल करो!” तिवारी सर की आवाज से उसकी तंद्रा टूटी। उसने जल्दी से कॉपी खोली और सवाल हल करने लगा।

तभी कक्षा के दरवाजे पर प्रिंसीपल सर दिखाई दिए।

तिवारी सर ने कहा, “सर, मैं इसी लड़के को फीस जमा करने के लिए समझा रहा था। कब से फीस नहीं भरी है इसने।”

प्रिंसीपल सर कक्षा में आए और दीपक के सिर पर हाथ रखते हुए बोले, “तिवारी जी, दीपक अब हमारे स्कूल में नहीं पढ़ेगा।”

दीपक का दिल जैसे एक पल के लिए धड़कना भूल गया। उसकी आंखों से आंसू बह निकले। क्या उसकी पढ़ाई यहीं खत्म हो जाएगी?

“सर … मेरी मां बहुत बीमार थीं। मैं झूठ नहीं बोल रहा… ” वह रुंधे गले से इतना ही कह पाया।

प्रिंसीपल सर ने उसे स्नेह से संभालते हुए कहा, “दीपक, पूरी बात तो सुनो। तुम इस स्कूल में नहीं, बल्कि शहर के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी स्कूल में पढ़ने जा रहे हो। तुम्हारी 12वीं तक की पढ़ाई, किताबों, वर्दी और हॉस्टल का सारा खर्च सरकार उठाएगी।”

कक्षा में सन्नाटा छा गया। दीपक अविश्वास से उनकी ओर देखता रहा।

प्रिंसीपल सर ने आगे बताया, “शहर के जज साहब तुम्हें रोज अपने बंगले की खिड़की से बगीचे में काम करते और वहां काम करने वाली सहायिकाओं के बच्चों को पढ़ाते हुए देखते थे। तुम्हारी मेहनत और लगन से प्रभावित होकर उन्होंने शिक्षा विभाग को अनुशंसा-पत्र लिखा और तुम्हारे दाखिले की व्यवस्था करवाई है।”

दीपक की आंखों में बेबसी के आंसू अब खुशी और कृतज्ञता में बदल चुके थे। कक्षा के कोने में खड़े तिवारी सर भी भावुक हो उठे। उन्हें याद आया कि पिछले वर्ष दीपक गणित में सबसे अधिक अंक लाया था। आज उन्हें अपनी कठोरता पर ग्लानि हो रही थी। दीपक ने नम आंखों से खिड़की के बाहर देखा। बारिश के बाद धूप खिल उठी थी। स्कूल के छोटे-से बगीचे में लगे पौधे हवा के झोंकों से हौले-हौले हिलकर मानो नई उम्मीद का स्वागत कर रहे थे।

~ श्रद्धा जलज घाटे

Check Also

Lord Kartikeya: Hindu God of War also known as Lord Subramanian & Lord Murugan

Lord Kartikeya: Hindu God of War also known as Lord Subramanian & Lord Murugan

Lord Kartikeya, popularly known in South India (Tamil Nadu) as Lord Subramanian and Lord Murugan, …

Leave a Reply