सब कुछ है... फिर भी शांति नहीं: एक युवा की कहानी और योग का उत्तर

सब कुछ है… फिर भी शांति नहीं: एक युवा की कहानी और योग का उत्तर

एक मुलाकात… जिसने सोच बदल दी

कुछ समय पहले, मेरी मुलाकात एक युवा से हुई। वह ऊर्जावान था, पढ़ा-लिखा था और उसके भीतर आगे बढ़ने की तीव्र इच्छा भी थी। उसके पास अवसर थे, संसाधन थे और सपनों की कोई कमी नहीं थी। फिर भी, उसकी आँखों में एक अजीब-सी थकान थी—मानो वह भीतर से बोझिल हो।

सब कुछ है… फिर भी शांति नहीं

बातचीत के दौरान उसने एक वाक्य कहा, जो मेरे मन में काफी समय तक गूँजता रहा – “सर, सब कुछ मेरे पास है… फिर भी शांति नहीं है।

अपने भारतीय प्रबंध संस्थान, लखनऊ के अध्यापन व प्रशिक्षण अनुभव में मैंने ऐसे कई छात्रों एवं प्रतिभागियों को देखा है। यह केवल एक युवक की व्यथा नहीं है, बल्कि आज की पूरी युवा पीढ़ी की मौन पुकार है।

आज का युवा: उपलब्धियाँ अधिक, संतुलन कम

मैंने महसूस किया है कि आज का युवा जीवन की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहा है – वह करियर बना रहा है, पहचान बना रहा है और अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहा है। लेकिन इस दौड़ में एक महत्वपूर्ण पक्ष कहीं पीछे छूटता जा रहा है – भीतर का संतुलन, मन की स्थिरता और आत्मिक शांति

आज हम सूचना के युग में जी रहे हैं। ज्ञान, जानकारी और अवसरों की कोई कमी नहीं है। परंतु इसके साथ ही एक समस्या भी बढ़ती जा रही है – विचारों का अत्यधिक शोर। युवा लगातार सोच रहा है, तुलना कर रहा है और स्वयं को दूसरों के पैमानों पर परख रहा है।

आज का युवा सबके साथ समय बिताता है… लेकिन अपने मन के साथ नहीं।

एक प्रश्न… जो सब बदल देता है

मैंने उस युवक से एक सरल प्रश्न पूछा – “तुम दिन में अपने मन के साथ कितनी देर बैठते हो?

वह चुप हो गया।

यह प्रश्न जितना सरल है, उतना ही गहरा भी है। आज का युवा हर चीज़ के साथ समय बिताता है – मोबाइल, लैपटॉप, मित्र, कार्य – लेकिन स्वयं के साथ बैठने का समय नहीं निकाल पाता। मेरा मानना है, उसे यहीं से योग की आवश्यकता शुरू होती है

योग: बाहर नहीं, भीतर की यात्रा

योग केवल शरीर को मोड़ने का अभ्यास नहीं है। यह अपने भीतर लौटने की प्रक्रिया है। यह हमें सिखाता है कि हम अपने विचारों, भावनाओं और प्रतिक्रियाओं को देखें और उनसे परे भी जाएँ। योग हमें अपने आप से मिलाता है।

सिर्फ 7 दिन… और एक बदलाव

मैंने उस युवक से कहा – “सिर्फ सात दिन… योग कक्षा में आ जाओ। बिना किसी अपेक्षा के – बस अनुभव करो।”

पहले दिन उसे सब कुछ थोड़ा अजीब लगा – शांत बैठना, आँखें बंद करना। तीसरे दिन वह थोड़ा सहज हुआ और सातवें दिन, जब वह मेरे पास आया तो उसकी आँखों में एक अलग ही चमक थी। उसने मुस्कराते हुए कहा – “सर, समस्या तो वही है… लेकिन अब वह उतनी बड़ी नहीं लगती।”

योग का वास्तविक चमत्कार

यही योग का वास्तविक चमत्कार है। योग परिस्थितियों को नहीं बदलता—वह देखने वाले को बदल देता है। जब हमारी अंतःस्थिति बदलती है, तो बाहरी परिस्थितियों का प्रभाव भी बदल जाता है।

युवा की तीन चुनौतियाँ – योग का समाधान

मेरे अनुभव में आज के युवा के सामने तीन प्रमुख चुनौतियाँ स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं – अधिक सोच (Overthinking), निरंतर तुलना (Comparison), भावनात्मक असंतुलन (Emotional Instability)। मन लगातार चलता रहता है, जिससे भ्रम और चिंता बढ़ती है; दूसरों से तुलना आत्म-विश्वास को कम करती है और छोटी-छोटी परिस्थितियाँ भी मन को अस्थिर कर देती हैं।

योग इन तीनों का सरल और गहरा समाधान प्रस्तुत करता है। योग हमें सिखाता है कि हम अपने विचारों को देखें, उनमें उलझें नहीं; अपने केंद्र में लौटें, दूसरों से तुलना न करें और प्रतिक्रिया देने से पहले एक सजग विराम लें वास्तव में, योग का मूल उपहार है—साक्षी भाव—यह समझ कि हम अपने विचार नहीं हैं, बल्कि उन्हें देखने वाले हैं। जब यह समझ विकसित होती है तो मन में शांति, दृष्टि में स्पष्टता और जीवन में संतुलन स्वतः आने लगता है।

युवाओं के लिए एक सरल निमंत्रण

मैं युवाओं से केवल इतना कहना चाहता हूँ – योग को सुनिए नहीं, उसे अनुभव कीजिए

सिर्फ 7 दिन दीजिए – बिना किसी अपेक्षा के, बिना किसी पूर्वाग्रह के। आप पाएँगे कि – आपका मन शांत हो रहा है, आपकी सोच स्पष्ट हो रही है और आपका जीवन संतुलित हो रहा है।

योग आपकी समस्याओं को समाप्त नहीं करता—वह आपको इतना सक्षम बना देता है कि समस्याएँ छोटी लगने लगती हैं।

योग: सफलता का अदृश्य आधार

योग केवल स्वास्थ्य का साधन नहीं है—यह जीवन की दिशा है। अनुशासन, एकाग्रता, संतुलन और सहयोग—ये सभी गुण योग से स्वाभाविक रूप से विकसित होते हैं और यही गुण जीवन में सफलता के वास्तविक आधार हैं।

अंतिम संदेश: आज की आवश्यकता

आज आवश्यकता केवल सफल युवाओं की नहीं है, ऐसे युवाओं की है – जो सजग हों… जो संतुलित हों… जो भीतर से शांत हों… अतः युवाओं से अनुरोध है कि वे योग को अपने जीवन का एक अतिरिक्त कार्य न समझें। इसे जीवन को सही दिशा देने का आधार बनाइए।योग केवल वृद्धों के लिए नहीं है – यह उन सभी के लिए है, जो सफलता के साथ शांति भी चाहते हैं। इसलिए योग को टालिए मत – अपनी जिम्मेदारियों के बीच ही इसे अपनाइए। आज का युवा प्रायः यह सोचता है – “अभी समय नहीं है… बाद में करेंगे…” लेकिन सच्चाई यह है कि योग के लिए “फ्री” होने का इंतज़ार मत कीजिए… क्योंकि जब आप फ्री होंगे, तब शायद उसकी आवश्यकता और अधिक होगी। वास्तव में योग उन सभी लोगों के लिए है – जो व्यस्त हैं, जिम्मेदार हैं और ऊँचे लक्ष्यों की ओर बढ़ रहे हैं। इसलिए अपने पद, अपनी व्यस्तता या अपनी जिम्मेदारियों के बीच योग को शामिल कीजिए।

अन्त में मैं यही कहना चाहूँगा – योग हमें सिखाता है – बाहर की सफलता और भीतर की शांति के बीच संतुलन। हमें केवल धन की समृद्धि नहीं, बल्कि शांति की समृद्धि की भी आवश्यकता है।

“मेरे अनुभव में – शांति की गरीबी, धन की गरीबी से अधिक खतरनाक होती है।”

Check Also

साप्ताहिक आर्थिक राशिफल - Weekly Money and Career Horoscope

साप्ताहिक आर्थिक राशिफल 03 – 09 अगस्त, 2026: ऐस्ट्रॉलजर नंदिता पांडेय

साप्ताहिक आर्थिक राशिफल: 03 – 09 अगस्त, 2026 जानिए किसे मिलेगी करियर में सफलता और …

Leave a Reply