अप्रैल फूल से जुड़े रोचक किस्से और कहानियाँ

अप्रैल फूल से जुड़े रोचक किस्से और कहानियाँ

अप्रैल फूल से जुड़े रोचक किस्से और कहानियाँ: विश्व भर में लोगों में एक अप्रैल को एक-दूसरे को मुर्ख बनाने की होड़-सी लगी रहती है लेकिन बड़े पैमाने पर लोगों को एक साथ मूर्ख बनाने के लिए कभी-कभार कैसे-कैसे अनोखे तरीके अपनाए जाते हैं, आप कल्पना भी नहीं कर सकते। मुर्ख दिवस के संबंध में विभिन्न देशों के कई ऐसे रोचक किस्से प्रचलित हैं, जब सामूहिक रूप से लोगो को मुर्ख बनाने का प्रयास किया गया और वे बड़ी आसानी से ‘मुर्ख’ बन भी गए। ऐसे ही कुछ रोचक किस्से यहां प्रस्तुत किए जा रहे हैं:

लोग हवा में उछलेंगे (अप्रैल फूल से जुड़े रोचक किस्से)

कई वर्ष पहले बी.बी.सी. ने अपने एक नियमित कार्यक्रम के दौरान ब्रिटेन के लोगों को एक विशेष सूचना दी कि अमुक तारीख को प्लूटो ग्रह बृहस्पति ग्रह के ठीक पीछे से गुजरते हुए ऐसा गुरुत्वाकर्षण पैदा करेगा कि लोग हवा में उछलने लगेंगे।

यह बी.बी.सी. की एक्सक्लूसिव खबर थी इसलिए लोग उसे कोरी अफवाह भी नहीं मान सकते थे, अतः इस घटना के लिए बी.बी.सी. द्वारा जो दिन बताया गया था लोगों ने उस दिन उसी निश्चित समय पर स्वयं ही उछलना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी-किसी को तो वास्तव में ऐसा महसूस हुआ कि जैसे सचमुच वह उछल रहा है लेकिन किसी को लगा कि वह तो खुद ही जबरदस्ती उछल रहा है। तभी अचानक कुछ लोगों को ध्यान आया कि आज तो 1 अप्रैल का दिन है और बी.बी.सी. द्वारा उन्हें ‘अप्रैल फूल‘ बना दिया गया है।

गधे को स्नान (अप्रैल फूल से जुड़े रोचक किस्से)

लंदन में कुछ वर्ष पूर्व हजारों लोगों को एक साथ ‘April Fool’ बनाने की एक दिलचस्प घटना हुई थी। हुआ यूं था कि लंदन में हजारों लोगों के पास एक ही दिन एक निमंत्रण पत्र पहुंचा जिसमें लिखा था, “एक अप्रैल की शाम को आप ‘Tower of London‘ पहुंचे, जहां सफेद रंग के एक गधे को सार्वजनिक स्नान कराया जाएगा लेकिन यहां आते समय अपने साथ यह निमंत्रण पत्र लाना न भूलें।”

बस फिर क्या था देखते ही देखते एक अप्रैल की शाम को टावर ऑफ़ लंदन में हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई लेकिन जब उन्हें इंतजार करते-करते काफी समय बीत गया और वहां न कोई गधा नजर आया और न ही किसी तरह का कोई आयोजन। लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा लेकिन कुछ समय बाद जब उन्हें पता चला कि उन्हें ‘April Fool‘ बनाया गया है तो वहां बड़ा हास्यास्पद माहौल बन गया और लोग हंसते-हंसते अपने-अपने घर लौट गए।

पत्र लिखने वाले का नाम

अप्रैल फूल बनाने की एक रोचक घटना अमेरिका के एक महान प्रचारक हैनरी वार्ड बीचर से भी जुडी है। एक बार पहली अप्रैल दिन वह समारोह को संबोधित कर रहे थे। उसी समय उन्हें एक लिफाफा प्राप्त हुआ। हैनरी ने मंच पर ही लिफाफा खोला कागज रखा था जिस पर बीचों-बीच सिर्फ एक ही शब्द लिखा था, ‘Fool’ अथार्त मूर्ख। हैनरी तुरन्त समझ गए कि किसी ने उन्हें अप्रैल फूल बनाने की कोशिश की है।

समारोह में उपस्थित लोगों में जब इस लिफाफे के बारे में जानने की उत्सुकता हुई तो हैनरी ने चतुराई दिखाते हुए झट से पासा पलटा और उनका अप्रैल फूल बनाने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को ही ‘Fool’ बना डाला। दरअसल हैनरी ने उसी समय मंच से पत्र के बारे में खुलासा करते हुए बताया, “मुझे प्रतिदिन ढेर सारे पत्र प्राप्त होते हैं, जिनमें से कुछ लोग अपने पत्रों पर अपना नाम या पता लिखना ही भूल जाते हैं लेकिन अभी-अभी मुझे एक ऐसा पत्र मिला है, जिस पर पत्र लिखने वाले ने अपना नाम तो लिखा है लेकिन पत्र लिखना वह भूल गया है।”

Check Also

World Food Day Information For Students

World Food Day: Date, Theme, History, Slogans, Banners & Greetings

World Food Day: It is celebrated annually on 16 October across the globe to honour …