गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस पर कुरुक्षेत्र पहुँचे PM मोदी, सिक्का-टिकट जारी कर किया पंचजन्य शंख स्मारक का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (25 नवंबर 2025) को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की शानदार शुरुआत की। सबसे पहले उन्होंने ज्योतिसर में महाभारत से जुड़े ज्योतिसर अनुभव केंद्र का लोकार्पण किया, जो पर्यटकों को महाभारत की कहानियाँ जीवंत रूप से दिखाएगा।
इसके बाद पीएम मोदी ने पंचजन्य शंख स्मारक का शुभारंभ किया, जो महाभारत के प्रसंग से प्रेरित है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनके साथ मौजूद थे। यह स्मारक करीब 155 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया गया, जिसमें मुख्य पंडाल 25 एकड़ का है।
कार्यक्रम आयोजन का मुख्य आकर्षण गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस का राज्य स्तरीय समागम था। यहाँ पीएम ने गुरु जी को समर्पित विशेष सिक्का और डाक टिकट जारी किया। विशाल पंडाल में गुरु ग्रंथ साहिब जी को मंच से ढाई फुट ऊपर विराजमान किया गया था। हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।

इस दौरान पीएम मोदी ने भावुक होकर कहा, “हम श्री गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय साहस और बलिदान को सादर नमन करते हैं।” उन्होंने जोड़ा, “गुरु तेग बहादुर जी का मानवता और धर्म की रक्षा के लिए शहादत हमेशा हमारे समाज को रोशन करेगी।”
आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जा रहे वर्ष-भर के कार्यक्रम का हिस्सा है। पीएम के इस दौरे से कुरुक्षेत्र पर्यटन केंद्र के रूप में चमकेगा। हरियाणा सरकार ने इसे ऐतिहासिक बताया।

‘अयोध्या में ध्वजारोहण सनातन के लिए अहम, इसी भगवा के लिए सिख गुरुओं ने प्राण किए न्योछावर’: गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर CM योगी बोले- गुरुओं ने रोका भारत का इस्लामीकरण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार 25 नवंबर 2025 को बलिदान दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम के दौरान इतिहास और सिख परंपरा को लेकर अहम बयान दिया।

उन्होंने कहा कि मुगलों ने पूरे भारत का इस्लामीकरण करने की मुहिम चला रखी थी। इसी दौरान औरंगजेब जैसे क्रूर बादशाह ने तिलक और जनेऊ को मिटाने के लिए देशभर में अत्याचार किया। इस दौरान कश्मीर में गुरु तेग बहादुर ने अपनी आवाज बुलंद की और जनता की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया।
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर ने औरंगजेब से लोहा लिया। उन्होंने कहा, “कश्मीर में जब औरंगजेब का सिपहसलार ने अत्याचार किया, तब पंडित कृपानंद महाराज ने गुरु तेग बहादुर के सामने याचना की। याचना गुरु तेग बहादुर के सामने हो रही थी और 9 साल के गुरुनानक जी ने कहा कि आप कह रहे हैं कि किसी बड़े आदमी को अपना बलिदान देना होगा तो आप से बड़ा कौन है। तब गुरु तेगबहादुर महाराज ने अत्याचार के खिलाफ आवाज उठायी।”
उन्होंने कहा, “गुरु जी को कैद कर लिया गया। उनके भाईयों को भयंकर दंड दिए गए। तभी भी अपने धर्म और संकल्प से वे डिगे नहीं, भले ही उनके साथ कितनी भी क्रूरता बरती गई।”
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में ध्वजारोहण सनातन संस्कृति के लिए अहम है। ये वही भगवा ध्वजा है, जिसके लिए सिख गुरुओं ने अपने प्राण न्योछावर किए। धर्म, आस्था और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए कठिन संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को नष्ट करने की कई बार कोशिशें हो चुकी हैं। फिर भी पूरे समाज ने एकजुट होकर इसकी रक्षा की।
Kids Portal For Parents India Kids Network