क्या तुमने कभी सोचा है कि समुद्र में सबसे तेज तैरने वाला जीव कौन सा है? इसका जवाब है – सेल फिश (Sailfish)! यह अद्भुत मछली अपनी तेज गति और शानदार बनावट के लिए जानी जाती है। कहा जाता है कि सेल फिश लगभग 114 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तैर सकती है। इतनी तेज रफ्तार तो कई गाड़ियों की भी नहीं होती!
सेल फिश का नाम उसके शरीर पर मौजूद बड़े पंख (फिन) के कारण पड़ा है, जो किसी नाव के पाल (सेल) जैसा दिखाई देता है। जब यह मछली पानी में तैरती है, तो उसका यह पंख फैल जाता है तथा उसे और भी खूबसूरत बना देता है। यही पंख उसे संतुलन बनाए रखने और दिशा बदलने में भी मदद करता है।
यह मछली प्रशांत महासागर के अलावा अटलांटिक और हिंद महासागर में भी पाई जाती है। इसे खुले और गहरे पानी में रहना पसंद है। सेल फिश आमतौर पर 6 से 8 फुट लंबी होती है, लेकिन कुछ सेल फिश 10 फुट तक भी लंबी पाई गई हैं। इसका शरीर पतला और लंबा होता है, जिससे यह पानी में बहुत तेजी से आगे बढ़ पाती है।
सेल फिश की एक और खास बात है इसकी लंबी और नुकीली चोंच। यह चोंच तलवार की तरह होती है और इसका उपयोग यह शिकार करने में करती है। जब यह छोटी मछलियों के झुंड के पास पहुंचती है, तो अपनी चोंच से तेजी से वार करती है, जिससे मछलियां घायल हो जाती हैं और फिर उन्हेंपकड़ना आसान हो जाता है।
सेल फिश अकेले भी तैर सकती है, लेकिन कई बार यह समूह में भी दिखाई देती है। यह मछली बहुत फुर्तीली और समझदार होती है। समुद्र में इसकी रफ्तार और चालाकी के कारण इसे पकड़ना भी आसान नहीं होता।
बच्चों, सेल फिश हमें यह सिखाती है कि अगर हमारे पास सही गुण और आत्मविश्वास हो, तो हम भी जीवन में बहुत आगे बढ़ सकते हैं। जैसे यह मछली समुद्र में सबसे तेज है, वैसे ही हम भी अपने-अपने काम में सबसे अच्छे बन सकते हैं!
Kids Portal For Parents India Kids Network